देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाली भारत रत्न एवं देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 108वीं जयंती पर गया शहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. स्थानीय अनुग्रह नारायण रोड स्थित दुबे आश्रम में कांग्रेस पार्टी के तत्वाधान में आयोजित इस गरिमामय समारोह में वक्ताओं ने प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उन्हें आधुनिक भारत का सबसे सशक्त निर्माता बताया.

कार्यक्रम की शुरुआत उनके तैल चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई जिसके बाद वहां मौजूद वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके द्वारा देशहित में लिए गए ऐतिहासिक और साहसिक फैसलों पर चर्चा की. बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रतिनिधि और प्रवक्ता प्रोफेसर विजय कुमार मिट्ठू ने इंदिरा गांधी के कार्यकाल को स्वर्ण युग बताते हुए कहा कि वे आज तक के प्रधानमंत्रियों में सबसे सशक्त और निडर नेत्री रही हैं.

उन्होंने 1971 के युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि इंदिरा जी ने अपने फौलादी इरादों से पाकिस्तान के सीने को चीरकर बांग्लादेश को एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में स्थापित कराया था, जो उनकी कूटनीतिक और सैन्य क्षमता का बेजोड़ उदाहरण है. इसके अलावा उन्होंने बैंकों, कोलियरी और निजी संस्थानों का राष्ट्रीयकरण कर देश की अर्थव्यवस्था को आम आदमी से जोड़ने का ऐतिहासिक काम किया जिसे देश कभी नहीं भूल सकता.



























Be First to Comment