गया जिले के डुमरिया प्रखंड के सुज्जी गांव के सुमित कुमार ने भारतीय सेना में चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है.

गांव के पहले युवक के रूप में सेना में चयनित होने पर उनके सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया, जहां ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उन्हें फूल-मालाओं से सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.


डुमरिया प्रखंड के सुज्जी गांव निवासी जितेंद्र मिस्त्री के पुत्र सुमित कुमार का चयन भारतीय सेना में हुआ है. गांव के इतिहास में पहली बार किसी युवक को भारतीय सेना में सेवा का अवसर मिला है. इस उपलब्धि को पूरे गांव और क्षेत्र के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है.



सुमित कुमार की सफलता की खुशी में उनके आवास पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन और शुभचिंतक शामिल हुए. सभी ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया और देश सेवा के लिए शुभकामनाएं दीं.


ग्रामीणों ने बताया कि एक समय डुमरिया प्रखंड नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में जाना जाता था. यहां नक्सली गतिविधियां और कार्यक्रम अक्सर चर्चा का विषय बने रहते थे. लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं और क्षेत्र के युवा शिक्षा व रोजगार के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं.



















Be First to Comment