मुजफ्फरपुर। लीचीपुरम सांस्कृतिक पुनर्जागरण अभियान के प्रथम वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर अभियान के सदस्यों द्वारा बाबा गरीबनाथ सहित विभिन्न धार्मिक एवं शहीद स्थलों पर धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। एक वर्ष पूर्व पर्यावरणविद् सुरेश गुप्ता ने मुजफ्फरपुर की पहचान एवं अस्मिता से जुड़ी विलुप्ति के संकट का सामना कर रही शाही लीची को बचाने, बढ़ाने तथा उसकी मिठास को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से इस अभियान की शुरुआत की थी। आज लीची आधारित वैल्यू एडेड उत्पादों के निर्माण के माध्यम से सैकड़ों हाथों को रोजगार एवं आत्मनिर्भरता का अवसर मिल रहा है।

इस अवसर पर गरीबनाथ धाम, देवी मंदिर, दाता कंबल शाह मजार, गुरुद्वारा, चर्च, खुदीराम बोस, प्रफुल्ल चाकी स्मारक स्थल तथा वैष्णो देवी मंदिर में अभियान के सदस्यों ने लीची के बुके, लीची के पत्तों की माला, लीची की आकृति वाली अगरबत्ती स्टैण्ड एवं लीची की सुगंध वाली अगरबत्तियां अर्पित कर धन्यवाद ज्ञापित किया।


महिला सशक्तिकरण प्रभारी रीता मोदी द्वारा तैयार लीची आधारित व्यंजन—खट्टी-मीठी, अचार, जैम एवं जेली—भी श्रद्धापूर्वक समर्पित किए गए। वहीं फाइन आर्टिस्ट श्रीमती कोमल लखानी द्वारा निर्मित टफ्टिंग रग तथा मिट्टी के कलाकार प्रहलाद पंडित द्वारा प्रत्येक धार्मिक एवं शहीद स्थल की पवित्र मिट्टी एकत्र की गई। उद्देश्य यह है कि भविष्य में लीचीपुरम आर्ट के मिट्टी से बने उत्पादों में इन सभी स्थलों का आशीर्वाद और ऊर्जा समाहित हो तथा “लोकल प्राइड, ग्लोबल राइट” के स्वप्न को साकार किया जा सके।



कार्यक्रम के दौरान लोक कलाकार सुनील कुमार ने लीची पर आधारित गीत प्रस्तुत कर वातावरण को मधुर बना दिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्या श्रीमती वर्षा सिंह, लीचीपुरम आर्ट से जुड़े कलाकार तथा लीची की लकड़ी को उपयोगी उत्पादों में परिवर्तित करने वाले मुकेश शर्मा ने भी अभियान की सफलता के लिए धन्यवाद ज्ञापन किया और आगामी दिशा के लिए मार्गदर्शन की कामना की।


भारत के पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस के तैलचित्र पर लीची बुके अर्पित कर जन्मदिन मनाया गया। अभियान के पदाधिकारियों ने निर्णय लिया कि शीघ्र ही एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर अभियान के एक वर्ष की उपलब्धियों एवं प्रगति को सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा तथा आगामी वर्षों की कार्ययोजना एवं रणनीति निर्धारित की जाएगी। मीठा मुस्कुराने के सपने को साकार किया जाएगा ।


















Be First to Comment