उत्तर प्रदेश और बिहार की सीमा से सटे इलाकों में अचानक लागू हुई नई व्यवस्था ने लाखों लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. यूपी पुलिस द्वारा बिहार सीमा पर सख्ती किए जाने के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है. लोगों को रोजमर्रा के काम, कारोबार, इलाज और जरूरी आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले की हनुमानगंज पुलिस ने सुरक्षा कारणों से बिहार-यूपी सीमा पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी है. सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक कई संपर्क मार्गों पर बैरियर लगाकर आवाजाही सीमित कर दी गई है. मुख्य मार्गों को छोड़कर अधिकांश छोटे रास्तों को बंद कर दिया गया है, जिससे सीमावर्ती इलाकों के लोगों की मुश्किलें अचानक बढ़ गई हैं.
इस फैसले का सबसे ज्यादा असर बिहार के बगहा पुलिस जिले के गंडक पार क्षेत्र के चार प्रमुख प्रखंडों मधुबनी, पिपरासी, भितहा और ठकराहा के लोगों पर पड़ा है. इन इलाकों के हजारों लोग रोजाना रोजगार, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जरूरी कार्यों के लिए यूपी के विभिन्न बाजारों और कस्बों में आते-जाते हैं. अब बैरियर लगने के कारण उन्हें लंबा चक्कर लगाकर सफर करना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले दो दिनों से कई छोटे संपर्क मार्ग पूरी तरह बंद हैं. इससे किसानों, व्यापारियों, मजदूरों और छात्रों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है. कई लोगों को जरूरी काम छोड़कर वापस लौटना पड़ा, जबकि कुछ को कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी.


















Be First to Comment