बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को झाझा स्थित बोड़बा बस स्टैंड परिसर में देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अखंड भारत का सपना देखा और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
प्रतिमा अनावरण के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व और उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए कहा कि जिस व्यक्ति ने भारत के निर्माण और अखंड भारत का सपना देखा, उनकी प्रतिमा का अनावरण करना गौरव की बात है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत को एकजुट करने का सपना कोई नया नहीं था। हजारों वर्ष पहले पंडित चाणक्य ने एक सशक्त और एकीकृत भारत की कल्पना की थी। उनके विचारों को सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य ने आगे बढ़ाया। इसी परंपरा में आधुनिक भारत में सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत की मजबूत नींव रखने का काम किया।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भारत के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक देश को एक सूत्र में बांधना था। सरदार पटेल ने अपनी राजनीतिक इच्छाशक्ति और दृढ़ नेतृत्व के जरिए इस चुनौती का सामना किया। यही कारण है कि आज भी उन्हें देश की एकता और अखंडता के प्रतीक के रूप में याद किया जाता है।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरदार पटेल ने जिस भारत का सपना देखा था, उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी वर्तमान पीढ़ी की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का सपना देखा है। वहीं, बिहार के लिए समृद्ध और विकसित राज्य का सपना देखा गया है। इन सभी सपनों को धरातल पर उतारना सरकार की जिम्मेदारी है।











Be First to Comment