स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के छात्र-छात्राओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 अगस्त से पूरे बिहार में ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ की शुरुआत की जाएगी। इस पोर्टल के जरिए छात्र अपनी पढ़ाई, संस्थान, छात्रावास और कोचिंग से जुड़ी समस्याओं की शिकायत सीधे दर्ज करा सकेंगे। सरकार का दावा है कि पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का 30 दिनों के भीतर निष्पादन किया जाएगा।
गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य के युवाओं और विद्यार्थियों को अक्सर यह चिंता रहती है कि उनकी समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार अब इस समस्या का समाधान करने के लिए एक व्यवस्थित व्यवस्था तैयार कर रही है, जिसके तहत छात्र अपनी परेशानी सीधे सरकार तक पहुंचा सकेंगे।

17 अगस्त से शुरू होगा नया पोर्टल
मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 तारीख से पूरे बिहार में विद्यार्थी सहयोग पोर्टल की स्थापना की जाएगी। इस पोर्टल पर राज्य का कोई भी छात्र या छात्रा अपनी समस्या दर्ज करा सकेगा। इसके लिए विद्यार्थियों को अपनी शिकायत ऑनलाइन रजिस्टर करनी होगी, जिसके बाद संबंधित विभाग या अधिकारी के स्तर पर उसके समाधान की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

सम्राट चौधरी ने छात्रों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि यदि किसी विद्यार्थी को अपने संस्थान में परेशानी हो रही है, छात्रावास में कोई समस्या है या कोचिंग संस्थान से जुड़ी कोई दिक्कत सामने आ रही है, तो वह विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निष्पादन के लिए 30 दिनों की समयसीमा तय की जाएगी। यानी छात्रों को अपनी समस्या के समाधान के लिए लंबे समय तक कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

कॉलेज, हॉस्टल और कोचिंग की शिकायत भी कर सकेंगे दर्ज
विद्यार्थी सहयोग पोर्टल को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका उद्देश्य केवल किसी एक तरह की शिकायत का समाधान करना नहीं है। विद्यार्थी अपनी शिक्षा और छात्र जीवन से जुड़ी अलग-अलग समस्याओं को इस प्लेटफॉर्म पर दर्ज करा सकेंगे। अगर किसी छात्र को अपने इंस्टीट्यूट में परेशानी, छात्रावास में समस्या, कोचिंग से संबंधित शिकायत या पढ़ाई से जुड़ी कोई अन्य समस्या है, तो वह इसकी जानकारी पोर्टल के माध्यम से सरकार तक पहुंचा सकेगा।








Be First to Comment