देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और उमंग के साथ मना रहा है। बिहार में भी स्वतंत्रता दिवस के मुख्य राजकीय समारोह का आयोजन राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में किया गया। यहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सुबह 9 बजे तिरंगा फहराकर राज्यवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री बनने के बाद गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ध्वजारोहण करने का यह उनका पहला अवसर रहा।

मुख्यमंत्री के ध्वजारोहण के साथ ही गांधी मैदान देशभक्ति के रंग में रंग गया। राष्ट्रगान के बाद समारोह में परेड का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न टुकड़ियों ने मार्च पास्ट करते हुए मुख्यमंत्री को सलामी दी। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। गांधी मैदान और इसके आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अलावा बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन, राज्य सरकार के मंत्री, विधायक, सांसद, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। समारोह को लेकर गांधी मैदान में सुबह से ही लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग स्वतंत्रता दिवस के इस मुख्य कार्यक्रम के साक्षी बने।
ध्वजारोहण और परेड के बाद गांधी मैदान में विभिन्न विभागों की ओर से आकर्षक झांकियां निकाली गईं। इस वर्ष कुल 13 विभागों ने अलग-अलग थीम पर अपनी झांकियां प्रस्तुत कीं। इन झांकियों के जरिए बिहार की विकास यात्रा, सरकारी योजनाओं, सामाजिक बदलाव और राज्य की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।

झांकियों में राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की तस्वीर दिखाई गई। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास, उद्योग, पर्यटन और अन्य क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों को भी रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया गया। झांकियों ने समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।








Be First to Comment