बिहार में सड़क कनेक्टिविटी को लेकर एक बड़ी परियोजना को मंजूरी मिली है. राज्य कैबिनेट ने बक्सर से भागलपुर के बीच 336 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण को मंजूरी दी है. करीब 3,700 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के पूरा होने के बाद बिहार के 13 जिलों के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है.
इस एक्सप्रेसवे के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन यानी DPR तैयार करने की प्रक्रिया के तहत निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. प्रस्तावित सड़क पूरी तरह ग्रीनफील्ड एलायनमेंट पर विकसित की जाएगी. हालांकि, कई स्थानों पर इसे पहले से मौजूद सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ा जाएगा, ताकि आसपास के क्षेत्रों के लोगों को एक्सप्रेसवे तक पहुंचने में सुविधा मिल सके.
बक्सर से शुरू होने वाला यह एक्सप्रेसवे भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, जमुई और बांका होते हुए भागलपुर के बाहरी क्षेत्र तक पहुंचेगा.बक्सर तक पहले से सड़क कनेक्टिविटी उपलब्ध है. इसके बाद ग्रीनफील्ड एलायनमेंट के जरिए एक्सप्रेसवे भोजपुर पहुंचेगा और फिर अरवल, जहानाबाद होते हुए गया की ओर बढ़ेगा. इसके बाद नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, जमुई और बांका को जोड़ते हुए यह भागलपुर तक पहुंचेगा.
प्रस्तावित एलायनमेंट वाले कई इलाकों में अभी एक-दूसरे के बीच सीधी और निर्बाध सड़क कनेक्टिविटी उपलब्ध नहीं है. एक्सप्रेसवे बनने के बाद इन जिलों के बीच यात्रा का रास्ता बेहतर होने के साथ क्षेत्रीय आवागमन को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है.













Be First to Comment