मुजफ्फरपुर में लोजपा (रामविलास) विधायक अमित कुमार रानू से जुड़े जमीन विवाद और रंगदारी के मामलों की जांच अब तेज हो गई है. विधायक के निजी आवास समेत करीब डेढ़ दर्जन ठिकानों पर पुलिस ने छापेमारी की है. मामले में अब तक करीब दो दर्जन कांड दर्ज होने की जानकारी सामने आई है और विधायक अमित कुमार रानू को भी नामजद किया गया है.
पुलिस की कार्रवाई विधायक के भाई सोनू सिंह की गिरफ्तारी को लेकर भी लगातार जारी है. सोनू सिंह की तलाश में मुजफ्फरपुर के अलावा वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, मोतिहारी और बेतिया तक पुलिस की टीमों ने छापेमारी की है. हालांकि, अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. वहीं विधायक अमित कुमार रानू के दिल्ली चले जाने की जानकारी सामने आई है.

मुजफ्फरपुर में विधायक के आवास पर हुई छापेमारी के दौरान तीन डीएसपी के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा. पुलिस ने कई घंटे तक घर की तलाशी ली. इस दौरान कई स्टांप पेपर, जमीन से जुड़े कागजात और कंस्ट्रक्शन कंपनी से संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए हैं. पुलिस को एक हस्ताक्षर किया हुआ स्टांप पेपर भी मिला है, जिसे प्रथम दृष्टया संदिग्ध बताया गया है.
एसएसपी कांतेश मिश्रा के अनुसार, पूरी कार्रवाई जमीन विवाद से जुड़े मामले की जांच के तहत की गई है. 20 अगस्त को अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां डीह में जमीन की चहारदीवारी और निर्माणाधीन मकानों में तोड़फोड़ की घटना सामने आई थी. इस मामले की जांच के दौरान विधायक के भाई सोनू सिंह की कथित संलिप्तता सामने आई. जांच में विधायक की भूमिका भी सामने आने की बात पुलिस की ओर से कही गई है.















Be First to Comment