Press "Enter" to skip to content

मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े डॉक्टर से चेन स्नेचिंग, CCTV में कैद हुई वारदात; पुलिस की मुस्तैदी पर उठ रहे सवाल

मुजफ्फरपुर जिले में बेखौफ बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस और कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। नगर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत इमलीचट्टी इलाके में मंगलवार की सुबह बेखौफ बाइक सवार अपराधियों ने शहर के एक डॉक्टर के गले से करीब चार लाख रुपये मूल्य की वजनी सोने की चेन झपट ली और पलक झपकते ही हवा में गायब हो गए।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पहचान शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. प्रमोद कुमार के रूप में हुई है। घटना के संबंध में पीड़ित डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि वह प्रतिदिन की भांति मंगलवार की सुबह भी इमलीचट्टी स्थित जिम में कसरत करने गए थे। जिम से वर्कआउट खत्म कर जब वह पैदल ही अपने क्लिनिक की ओर लौट रहे थे, उसी दौरान पीछे से एक अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश बदमाश आए।

पीछे बैठे शातिर अपराधी ने बड़ी तेजी से डॉ. प्रमोद के गले पर झपट्टा मारा और उनके गले में पहनी सोने की मोटी चेन तोड़ ली। जब तक डॉक्टर कुछ समझ पाते या शोर मचाते, बाइक सवार दोनों अपराधी अपनी तेज रफ्तार अपाचे से मौके से फरार होने में कामयाब रहे। छीनी गई चेन का वजन काफी अधिक था, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत लगभग चार लाख रुपये आंकी जा रही है।

व्यस्ततम इलाके में दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात से क्षेत्र के व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश व दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद ब्रह्मपुरा थानाध्यक्ष विपिन रंजन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित चिकित्सक से पूरे मामले की जानकारी ली।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिम और आसपास की दुकानों व मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में अपाचे सवार दोनों संदिग्ध तेजी से भागते स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर अपराधियों के भागने के संभावित रास्तों की घेराबंदी शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने दावा किया है कि अपराधियों के हुलिए और बाइक के आधार पर उनकी पहचान की जा रही है तथा जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from BREAKING NEWSMore posts in BREAKING NEWS »
More from CRIMEMore posts in CRIME »
More from MUZAFFARPURMore posts in MUZAFFARPUR »
More from NewsMore posts in News »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *