बेगूसराय के चेरिया बरियारपुर प्रखंड के कई सरकारी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को मिलने वाली प्रोत्साहन एवं पोशाक राशि का भुगतान नहीं होने से अभिभावकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.

आरोप है कि 75 प्रतिशत उपस्थिति पूरी करने के बावजूद सैकड़ों छात्र-छात्राएं अब तक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं. इससे शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं.


उपस्थिति पूरी, फिर भी खाते में नहीं पहुंची राशि
मध्य विद्यालय पबड़ा की छात्रा राधा कुमारी ने बताया कि उसने इस वर्ष आठवीं कक्षा उत्तीर्ण कर नवम वर्ग में प्रवेश लिया है, लेकिन अब तक उसे प्रोत्साहन राशि नहीं मिली। वहीं उच्च माध्यमिक विद्यालय पबड़ा की छात्रा साक्षी कुमारी का कहना है कि नवम और दशम वर्ग में अध्ययन के दौरान 75 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति रहने के बावजूद उसे भी योजना का लाभ नहीं मिल सका।



शिक्षक का पुत्र भी लाभ से वंचित
मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मध्य विद्यालय पबड़ा में कार्यरत शिक्षक दीपक झा के पुत्र उज्ज्वल कुमार को भी 75 प्रतिशत उपस्थिति पूरी करने के बावजूद प्रोत्साहन राशि नहीं मिली है। इससे अभिभावकों के बीच असंतोष और बढ़ गया है।


विद्यालय और विभाग के बीच फंसे अभिभावक
अभिभावकों का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए वे लगातार विद्यालय और शिक्षा विभाग के कार्यालयों का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कहीं से स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा है। विद्यालय प्रशासन का दावा है कि लाभुकों से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज विभाग को भेज दिए गए हैं, जबकि विभागीय स्तर पर अभिभावकों को विद्यालय से संपर्क करने की सलाह दी जा रही है।



















Be First to Comment