प्राइवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सईद शमायल अहमद की अध्यक्षता में आयोजित 15वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर पटना स्थित रविंद्र भवन में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया.

इस कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद और एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सईद शमायल अहमद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.


शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बिहार केवल एक भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि प्राचीन काल से ज्ञान, शौर्य और उद्यमिता की भूमि रहा है. उन्होंने कहा कि इस धरती ने वेदांत, नालंदा और विक्रमशिला जैसी महान शैक्षणिक परंपराएं विश्व को दी हैं. हमारे पूर्वजों ने सीमित संसाधनों के बावजूद विशाल उपलब्धियां हासिल कीं, क्योंकि उनके चिंतन में स्पष्टता और उद्देश्य में दृढ़ता थी.



उन्होंने आगे कहा कि आज भी समाज के भीतर वही ऊर्जा और क्षमता मौजूद है, आवश्यकता केवल उसे सही दिशा में लगाने की है. यदि शिक्षा, समानता और उद्यमिता के विकास में यह ऊर्जा सकारात्मक रूप से उपयोग हो, तो कोई भी शक्ति उज्ज्वल भविष्य के निर्माण को रोक नहीं सकती.


सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन निर्माण की सबसे सशक्त प्रक्रिया है. उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने वाले शिक्षण संस्थान समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करते हैं.





















Be First to Comment