बिहटा स्थित प्रिंसटन मगध इनलैंड कंटेनर डिपो (ड्राइ पोर्ट) पर पहली बार इंडोनेशिया से फैक्ट्री का कच्चा माल लेकर 45 रैक वाली मालगाड़ी पहुंची. इसके आने पर अधिकारियों ने पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर इसका स्वागत किया.

इस पहल को बिहार में उद्योग और आयात-निर्यात गतिविधियों के विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. जानकारी के अनुसार, राज्य व केंद्र सरकार के सहयोग से बिहटा में ड्राइ पोर्ट की स्थापना की गयी है. जिससे अब विदेशों से माल मंगाने और यहां से निर्यात करने की प्रक्रिया पहले की तुलना में आसान हो गयी है.


पहले फैक्ट्री का कच्चा माल कोलकाता से सड़क मार्ग के जरिये बिहार लाया जाता था, जिससे समय और लागत दोनों अधिक लगते थे. प्रिंसटन ड्राइ पोर्ट के सेल्स मैनेजर इंचार्ज विपुल कुमार ने बताया कि पहली बार इंडोनेशिया से प्रिंस पाइप फैक्ट्री का कच्चा माल 45 रैक में लोड होकर कोलकाता के रास्ते बिहटा ड्राइ पोर्ट पहुंचा है.



यहां कस्टम क्लीयरेंस की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सड़क मार्ग से बिहार स्थित विभिन्न फैक्ट्रियों में माल भेजा जायेगा. इससे उद्योगों को समय और परिवहन लागत में बड़ी राहत मिलेगी. उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों में ईरान-अमेरिका तनाव के कारण आयात-निर्यात प्रभावित हुआ था.


लेकिन अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है. बिहटा ड्राइ पोर्ट से बिहार का चावल दुबई भेजा जा रहा है. वहीं, दुबई समेत अन्य देशों से माल भी यहां पहुंच रहा है. इससे बिहार में औद्योगिक गतिविधियों को नया बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.



























Be First to Comment