बिहार में मुजफ्फरपुर जंक्शन पर आरपीएफ, वाणिज्य विभाग और कस्टम विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. वरीय अधिकारियों के गुप्त निर्देश पर रविवार की रात 8:12 बजे प्लेटफार्म संख्या दो पर पहुंची गाड़ी संख्या 20503 अप नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के वीपी (पार्सल वैन) को खोलकर सघन चेकिंग की गई.

इस दौरान सुरक्षा बलों और अधिकारियों की टीम ने ट्रेन के पार्सल वैन से 10 बोरा लावारिस विदेशी सुपारी (बेटेल नट) बरामद किया. इस अचानक हुई कार्रवाई से पार्सल के जरिए अवैध कारोबार करने वाले सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है.


आरपीएफ इंस्पेक्टर मनीष कुमार की मॉनिटरिंग में वाणिज्य विभाग के लिपिक मनु वैभव और कस्टम अधीक्षक सुदामा कुमार की संयुक्त टीम की मौजूदगी में सभी 10 पैकेजों का वजन कराया गया.



नाप-तौल के बाद विदेशी सुपारी का कुल वजन 850 किलोग्राम निकला. बाजार मूल्य के अनुसार 351 रुपये प्रति किलो की दर से इसकी अनुमानित कुल कीमत 2,98,350 रुपये आंकी गई है.


अधिकारियों ने संयुक्त जब्ती सूची तैयार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पूरी खेप को कस्टम विभाग को सौंप दिया है.













Be First to Comment