पटना में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे आम लोगों की चिंता बढ़ गई है. नई दरों के अनुसार डीजल की कीमत 96.53 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 99.36 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

इस तरह डीजल पर 2.83 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है. पेट्रोल की कीमत 110.47 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 113.35 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है. यानी पेट्रोल 2.88 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है.


बिहार पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के महासचिव विजेंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि ईंधन की कीमतों में अचानक हुई इस वृद्धि का सीधा असर आम उपभोक्ताओं, वाहन चालकों और परिवहन क्षेत्र पर पड़ेगा.



उन्होंने कहा कि माल ढुलाई की लागत बढ़ने से रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम भी बढ़ सकते हैं, जिससे बाजार में महंगाई बढ़ने की आशंका है. विजेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों से टैक्सी, ऑटो और बस संचालकों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ेगा. वहीं निजी वाहन इस्तेमाल करने वाले लोगों का मासिक खर्च भी बढ़ जाएगा.


व्यवसायियों का मानना है कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि का असर जल्द ही बाजार में महंगाई के रूप में देखने को मिल सकता है. आम लोगों ने सरकार से ईंधन कीमतों पर राहत देने की मांग की है.















Be First to Comment