सुपौल: भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) बीरपुर को बड़ी सफलता मिली है.

सीमा चौकी पिपराही क्षेत्र में देर रात विशेष अभियान चलाकर एसएसबी जवानों ने 11 ग्राम स्मैक, ₹68,310 नकद और दो स्मार्टफोन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है.


एसएसबी कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि पिपराही सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थ की तस्करी की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी. सूचना के आधार पर एक विशेष नाका पार्टी गठित कर संदिग्ध स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया गया.



अभियान के दौरान जवानों ने बांस की झाड़ी के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को देखा. घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया. पूछताछ में उनकी पहचान जसमुद्दीन मियां और दिवाकर मंडल, दोनों निवासी मालदा जिला (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई.


तलाशी के दौरान जसमुद्दीन मियां के पास से काले रंग के प्लास्टिक में रखा 11 ग्राम स्मैक बरामद हुआ, जबकि दिवाकर मंडल के पास से ₹68,310 नकद मिले. पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि स्मैक की बिक्री के उद्देश्य से वे पिपराही क्षेत्र में आए थे और बरामद नकदी मादक पदार्थ की बिक्री से प्राप्त राशि है.























Be First to Comment