बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीतामढ़ी जिला अंतर्गत पुनौरा धाम में स्थित श्री जानकी जन्मभूमि मंदिर परिक्षेत्र के लिए स्वीकृत समग्र विकास योजना का स्थल भ्रमण कर जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने मां सीता उर्विजा कुंड (मां जानकी की प्रकाट्य स्थली) का भी मुआयना कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। जायजा के क्रम में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को मंदिर परिसर में पर्यटन विभाग द्वारा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध करायी जानेवाली सुविधाओं, आगामी 8 अगस्त को होने वाले शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों एवं श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र, अयोध्या के समग्र विकास की तर्ज पर पुनौरा धाम में स्थित श्री जानकी जन्मभूमि, पुनौरा धाम मंदिर परिक्षेत्र का समग्र विकास तथा निर्मित होने वाले भव्य मंदिर भवन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। मां जानकी मंदिर भवन की पुरानी संरचना को ज्यों का त्यों रखा जायेगा।



अधिकारियों को निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मां जानकी मंदिर परिसर में होने वाले धार्मिक अनुष्ठान, श्रद्धालुओं एवं नागरिक सुविधाओं का विकास ठीक ढंग से हो सके, इसका विशेष रूप से ख्याल रखें। उन्होंने कहा कि यहाऔ राज्य सरकार द्वारा श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र, अयोध्या के समग्र विकास की तर्ज पर पुनौरा धाम में स्थित श्री जानकी जन्मभूमि, पुनौरा धाम मंदिर परिक्षेत्र का समग्र विकास किया जाएगा, इसके लिए हमलोगों ने मंत्रिपरिषद की बैठक में मंजूरी दे दी है। यहां भव्य मंदिर बनने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां मां जानकी की पूजा-अर्चना करने आएंगे। पर्यटकों के आगमन से रोजगार का भी सृजन होगा।



मुख्यमंत्री ने मां जानकी मंदिर, पुनौरा धाम में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। मंदिर प्रबंधन की तरफ से मुख्यमंत्री को पाग एवं चुनरी भेंटकर उनका स्वागत किया गया। सीतामढ़ी जिला के ग्राम पुनौरा में मां जानकी की जन्म स्थली पुनौरा धाम स्थित है। यहां प्रतिवर्ष काफी संख्या में श्रद्धालु धार्मिक अवसरों पर पूजा के लिए आते हैं।




































Be First to Comment