बिहार में इन दिनों मौसम का मिजाज बदल रहा है। राज्य के लोग एक ही दिन में चिलचिलाती गर्मी और फिर शाम होते-होते आंधी-बारिश का अनुभव कर रहे हैं। सोमवार को जहां नालंदा का राजगीर 37.6 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, वहीं किशनगंज और अररिया में हुई ओलावृष्टि ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है। मंगलवार को विभाग ने 19 जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।



सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा और वैशाली समेत कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने (ठनका) और 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की आशंका है।



राजधानी पटना में सोमवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा, जहाँ पारा सामान्य से 2 डिग्री अधिक यानी 35.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिनभर चली शुष्क और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल किया। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले 48 घंटों में बादलों की आवाजाही के कारण तापमान में फिर से गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे रात के समय ठंडक बनी रहेगी।

























Be First to Comment