गोपालगंज. प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी… मां दुर्गा की भक्ति में चारों तरफ लोग आस्था की डुबकी लगा रहे हैं. शारदीय नवरात्र के सातवें दिन मां के सातवें स्वरूप कालरात्रि की पूजा-अर्चना की गयी. मां दुर्गा भक्तों के दर्शन के लिए पूजा-पंडालों में विराजमान हो गयी हैं.

पंडालों में गूंजे जयकारे
शहर के विभिन्न पूजा-पंडालों में बेलवरण पूजा के साथ पट खुल गये. मां ने दर्शन दिये. सभी पूजा पंडाल मां दुर्गा के जयकारों से गूंज उठा. इसके बाद मां के दर्शन के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा. भक्तों ने गाजे-बाजे के साथ मां का स्वागत किया. पंडाल और मंदिर शंख व घंटा को आवाज से गूंज उठे. सुगंधित धूप व अगरबत्ती की सुगंध से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया, देर रात तक शहर की सड़कों पर श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ रहा था.



शहर से लेकर गांव तक चारों तरफ मां की मनोहारी छवि के दर्शन कर भक्त निहाल हो रहे हैं. वैदिक मंत्रों से पूरी आबोहवा सुभाषित हो उठी. न्यू राजादल बंजारी में अयोध्या मंदिर में मां सिंहासनी विराजमान हैं, तो स्टेशन रोड स्थित राजा दल की ओर से अमेरिका के कृष्ण मंदिर वाली पंडाल में मां की दर्शन के लिए भक्तों की कतार लगी रही. इस बार सर्वाधिक भीड़ यहां दिख रही.



पंडालों में दिख रही मां की मनोहारी छवि
दुर्गा पूजा में इस बार शहर में अनोखी थीम पर आधारित पंडाल सजाये गये हैं, जो दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं. घोष मोड़ के छात्र दल में तिरुपति के बाला जी मंदिर की झलक दिख रही. वहीं बस स्टैंड की नवदुर्गा पूजा समिति में उज्जैन के महाकलेश्वर महादेव मंदिर में मां के दर्शन हो रहे हैं.


बंजारी के न्यू राज दल में अयोध्या मंदिर की आकृति का पंडाल सजाया गया है, तो कॉलेज रोड में सिंहासनी दल वृंदावन के कीर्ति मंदिर का स्वरूप दिखेगा, हजियापुर के महाराजा दल ने बेलौर मठ मंदिर की आकृति का पंडाल बनाया है. जबकि शिव दल ने चंद्रयान टू में मां की दिव्य स्वरूप को स्थापित किया है. जिसे अपलक लोग निहारते नजर आ रहे थे.


































Be First to Comment