बिहार में गोपालगंज को बेतिया से जोड़ने वाले गंडक नदी पर बने अति महत्वपूर्ण जादोपुर-मंगलपुर महासेतु के दो खंभों के बीच (स्पैन) में गैप आने से लोगों की चिंता बढ़ गई है और प्रशासन ने इस पुल से भारी गाड़ियों के आवगमन पर रोक लगा दिया है।

जानकारी के अनुसार, महासेतु का पाया संख्या-5 धंस गया है, जिसके कारण पुल के एक हिस्से में गैप दिखाई देने लगा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।


इस सेतु के स्पैन में गैप आने की सूचना के बाद जिला मजिस्ट्रेट पवन कुमार सिन्हा, एसडीएम अनिल कुमार, जल संसाधन विभाग के अधिकारी सहित कई पदाधिकारी पहुंचे और पुल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने महासेतु की स्थिति का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।



गोपालगंज जिला मजिस्ट्रेट पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि मेगाब्रिज के स्पैन में गैप आया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी रिपोर्ट पटना स्थित एनआईटी और आईआईटी की विशेषज्ञ टीम को भेजी गई है।


जल्द ही विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंचकर पुल का तकनीकी निरीक्षण करेगी और सुरक्षा को लेकर आवश्यक सुझाव देगी।






















Be First to Comment