दिल्ली सरकार शहर में मौजूद सभी गौशालाओं का सर्वे कराने जा रही है। इससे सड़कों पर भटक रही आवारा गायों की परेशानी से निजात के लिए उपाय किए जा सकेंगे। साथ ही गोशालाओं के सही तरह से संचालन के लिए एक योजना भी शुरू की जाएगी।

बवाना में ग्रामीण गौशाला की एक सभा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि उनके मंत्री और विधायक गाय को गौ माता मानते हैं। ऐसे में शहर की सड़कों पर घूमती गायों को देखना उनके लिए दुख की बात है।


दिल्ली में सड़कों पर अक्सर गाय और अन्य आवारा पशु घूमते नजर आते हैं, जो कि कई बार दुर्घटनाओं का शिकार भी हो जाते हैं। इससे सड़कों पर जाम की भी समस्या देखने को मिलती है।


सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि सरकार दिल्ली में सभी गौशालाओं का सर्वे कराएगी। इसके बाद इन गौशालाओं में गायों की उचित देखभाल के लिए वित्तीय सहायता देने की योजना बनाई जाएगी। सीएम ने कहा कि सड़कों पर घूम रही बेसहारा और बीमार गायों को सुरक्षा देखरेख करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।


दिल्ली की बीजेपी सरकार ने अपने पहले बजट में ही गायों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए एक कानून बनाने का ऐलान किया था। इस कानून में अवैध पशुओं के व्यापार, गायों के शोषण और मालिकों की लापरवाही को रोकने के लिए कई सख्त नियम शामिल होंगे।

Be First to Comment