साढ़े तीन करोड़ बकाया जमा नहीं करने पर बुधवार को विद्युत निगम ने सिद्धार्थ विहार व प्रताप विहार स्थित गंगाजल प्लांटों के वाटर ट्रीटमेंट प्लांटों का कनेक्शन काट दिया।

इस वजह से आधे से अधिक ट्रांस हिंडन, सिद्धार्थ विहार व नोएडा की गंगाजल की आपूूर्ति ठप हो गई है। लोगों ने स्टोर पानी से गुजारा किया। बृहस्पतिवार से करीब 15 लाख लोगों को परेशानी झेलनी पड़ेगी।

जल निगम के अधिकारियों का कहना है कि नगर निगम, आवास विकास परिषद व नोएडा आथोरिटी पर गंगाजल का करोड़ों बकाया है। इन विभागों ने कई वर्षों से गंगाजल का बकाया जमा नहीं किया है।

विद्युत वितरण खंड पंचम के अधिशासी अभियंता स्पर्श आर्या ने बताया कि जल निगम पर करीब साढ़े तीन करोड़ बकाया है। बकाया जमा करने के लिए लगातार नोटिस भेजे गए। इसके बाद कनेक्शन काटा गया है। मार्च का अंत चल रहा है मुख्यालय से अधिक से अधिक वसूली का आदेश है।

Be First to Comment