जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में नवनिर्वाचित विधायक प्रशांत किशोर मंगलवार को जीत के बाद पहली बार क्षेत्र के लोगों के बीच पहुंचे और लोगों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने युवाओं को रोजगार देने पर बड़ा ऐलान किया. यारपुर राजपूताना गोपाल शरण सिंह पथ में आयोजित आभार सभा में उन्होंने युवाओं के रोजगार, शिक्षा, राशन कार्ड और पेंशन को लेकर कई घोषणाएं कीं. उन्होंने कहा कि अगले एक साल में बांकीपुर के कम से कम 10 हजार युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी दिलाने की व्यवस्था की जाएगी.
प्रशांत किशोर ने कहा कि लोगों को लग रहा था कि जीत के बाद वह चार-पांच दिनों से कहां घूम रहे हैं, लेकिन वह जनता के लिए काम कर रहे थे. उन्होंने युवाओं से अपना बायोडाटा जन सुराज के कार्यालय में जमा करने की अपील की. उन्होंने दावा किया कि देशभर में उनके जितने भी संपर्क हैं, उनसे बिहार के युवाओं को नौकरी देने के लिए कहा गया है. ऐसे में अब बिहार में जन सुराज की व्यवस्था बनने पर युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
उन्होंने कहा कि जनता को बदलाव का एहसास तभी होगा, जब पढ़ाई और रोजगार की व्यवस्था बेहतर होगी. उन्होंने कहा कि तीन महीने का समय दिया जाए, इसके बाद राशन कार्ड बनाने के लिए कोई एक रुपए की रिश्वत नहीं ले सकेगा.



















Be First to Comment