एनएच 131ए पूर्णिया-कटिहार मार्ग पर रानीपतरा पैकागोला के पास शनिवार को सुबह करीब 8 बजे सड़क किनारे खड़े ऑटो व बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गयी घटना में बाइक चालक गम्भीर रूप से घायल हो गया. साथ ही बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी.

मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने घायल बाइक चालक को उपचार के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भिजवाया जहां घायल का इलाज जारी है. घायल युवक की पहचान कटिहार निवासी रामू कुमार के रूप में हुई है. वह कटिहार से पूर्णिया काम पर जा रहा था.



घटना के बाद मौके पर पहुंची एनएचएआई की टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को मुफस्सिल पुलिस के सुपुर्द कर दिया. घटना को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आम लदा ऑटो कटिहार से पूर्णिया की ओर जा रहा था.इसी बीच ऑटो का टायर पंक्चर हो गया.



ऑटो चालक सड़क किनारे ऑटो खड़ी कर टायर बदल रहा था. इसी बीच कटिहार से पूर्णिया की ओर जा रहे बाइक चालक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दिया जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गया.




ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य सड़क पर वाहन खड़े कर देने से अक्सर दुर्घटना होते रहती है. जिस दौरान कई लोगों की जान भी चली गई है. खासकर होटल के आस पास यह घटना होती है. ट्रक या अन्य वाहन चालक मुख्य सड़क पर वाहन को छोड़कर खाना खाने चले जाते हैं. इससे दुर्घटना हो जाती है. ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले में सख्ती बरतने की मांग की है.





























Be First to Comment