पाकिस्तान सरकार ने भारतीय उच्चायोग के एक कर्मचारी को निष्कासित करने की गुरुवार को घोषणा की। इससे पहले, भारत ने पाकिस्तान उच्चायोग में कार्यरत एक पाकिस्तानी अधिकारी को जासूसी में संलिप्तता के आरोप में बुधवार को निष्कासित कर दिया था।

भारत में पिछले एक सप्ताह में निष्कासन का यह दूसरा मामला है। विदेश मंत्रालय ने कहा था कि पाकिस्तान उच्चायोग के एक कर्मचारी को उसके आधिकारिक दायित्व से इतर गतिविधियों में संलिप्त होने के कारण ‘‘अवांछित व्यक्ति” घोषित किया गया है और उसे 24 घंटे में भारत छोड़ने को कहा गया है।



भारत ने 13 मई को भी एक पाकिस्तानी अधिकारी को जासूसी में कथित रूप से लिप्त रहने पर निष्कासित कर दिया था। भारत की कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने भी इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग में तैनात एक भारतीय कर्मचारी को निष्कासित कर दिया।



पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘पाकिस्तान सरकार ने इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग के एक कर्मचारी को उसकी विशेषाधिकार प्राप्त स्थिति के प्रतिकूल गतिविधियों में लिप्त होने के कारण अवांछित व्यक्ति घोषित कर दिया है। संबंधित अधिकारी को 24 घंटे के भीतर पाकिस्तान छोड़ने का निर्देश दिया गया है।”



Be First to Comment