समस्तीपुर में बूढ़ी गंडक नदी पर बन रहा पुल अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है. हकीमाबाद और नागरबस्ती के बीच निर्माणाधीन इस पुल को लेकर मुख्यमंत्री ने अगस्त महीने तक काम पूरा करने का स्पष्ट निर्देश दिया है. यदि निर्माण कार्य तय समय पर पूरा हो गया, तो सितंबर से इस पुल पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकती है.

इस पुल के शुरू होते ही समस्तीपुर और आसपास के इलाकों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. बेगूसराय, रोसड़ा, हसनपुर और दलसिंहसराय से दरभंगा जाने वाले भारी वाहन और आम यात्री अब शहर की भीड़-भाड़ से बच सकेंगे. इससे न सिर्फ समय बचेगा, बल्कि ईंधन की भी बचत होगी.



फिलहाल पुल के ऊपरी ढांचे यानी सुपर स्ट्रक्चर का निर्माण तेजी से चल रहा है. सभी पिलर तैयार हो चुके हैं. पुल का निर्माण बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड की ओर से कराया जा रहा है. पहले इस पुल को 9 पाया का प्रस्ताव था, लेकिन बाद में दो अतिरिक्त पाया जोड़े गए. अब यह पुल 11 पाया का है और इसकी कुल लंबाई 400 मीटर हो गई है, जो पहले 336 मीटर थी.



इस परियोजना पर करीब 47 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं. पुल के बन जाने से हकीमाबाद, नागरबस्ती समेत आसपास के पांच दर्जन से अधिक गांवों को सीधा फायदा मिलेगा. खासकर वारिसनगर और जितवारपुर प्रखंड की करीब दो लाख आबादी को इससे बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.




















Be First to Comment