बिहार के वैशाली जिले से बेहद ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां सदर अस्पताल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब परिजनों ने बच्चा बदलने का गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

परिजनों का दावा है कि अस्पताल कर्मियों ने पहले उन्हें बेटा होने की जानकारी दी, लेकिन बाद में उन्हें एक नवजात बच्ची सौंप दी गई। गोरौल थाना क्षेत्र के इस्लामपुर निवासी धीरज कुमार की पत्नी गुंजन देवी को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।


ऑपरेशन से बच्चा हुआ। परिजनों को बताया कि गुंजन ने एक बेटे को जन्म दिया है। परिजनों का आरोप है कि उन्हें जानबूझकर गलत जानकारी दी। उन्होंने बताया, “हमारी पहले से एक चार साल की बेटी है। जब हमें बताया गया कि बेटा हुआ है, तो हमने नसबंदी कराने की सहमति दे दी। लेकिन करीब एक घंटे बाद जब कपड़े में लपेटकर बच्चा सौंपा गया, तो वह बेटी थी।”


परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के अंदर बच्चा बदला गया है। अस्पताल में परिजनों ने जमकर हंगामा किया। इसके बाद मौके से डॉक्टर और नर्स फरार हो गए।


सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच करने में जुट गई है।























Be First to Comment