गया-कोडरमा रेल खंड के टनकुप्पा स्टेशन पर गया-धनबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस से यात्रा कर रहा युवक ट्रेन से गिरकर घायल हो गया. इस घटना के आधे घंटे बाद ही डाउन लूप में आ रही कोलकता-जम्मू तवी एक्सप्रेस से उसके दोनों पैर भी कट गए.

इस हादसे की जानकारी मिलते ही रेल पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य में जुट गई. प्राथमिक जांच में पता चला है कि युवक अपने एक दोस्त के साथ ट्रेन में सफर कर रहा था. उसके साथी को जब गिरने की जानकारी मिली, तो वह पहाड़पुर स्टेशन पर उतरकर कोलकता-जम्मू तवी एक्सप्रेस से टनकुप्पा आया.



रेल कर्मियों के अनुसार इंटरसिटी जैसे ही टनकुप्पा से चली वैसे ही दो युवक चलती ट्रेन में मोबाइल से रील बनाने लगे. जानकारी के अनुसार ग्रामीणों की सहायता से घायल युवक को बाइक पर बैठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टनकुप्पा ले जाया गया.



हालांकि दोनों पैर कटने की वजह से खून अधिक बहने के कारण उसकी स्थिति गंभीर हो गई. यहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे मगध मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. यहां उपचार के दौरान रात में युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान धनबाद के माटीगरह निवासी लड्डू रजक (23) के रूप में हुई है. शव का पोस्टमार्टम कर परिवार को सौंप दिया गया है.



























Be First to Comment