तिरुवनंतपुरम-हजरतन निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस में रविवार तड़के भीषण आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. यह हादसा कोटा रेल मंडल क्षेत्र में घटी. रिपोर्ट्स के अनुसार, आग लगने की घटना मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से करीब 110 किलोमीटर दूर लूणी और विक्रमगढ़ स्टेशन के बीच हई.

हालांकि, आग लगने की वजह से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. लेकिन दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन जरूर प्रभावित हुआ है. रविवार सुबह 5:30 बजे दिल्ली की ओर जा रही ट्रेन संख्या 12431 त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन के बी-1 एसी कोच से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया.


कुछ ही क्षणों में आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और लपटें कोच के बड़े हिस्से तक फैल गईं. बाद में थर्ड एसी और एसएलआर (गार्ड व लगेज) कोच भी इसकी चपेट में आ गए. आग इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक आसमान में धुएं और लपटों का गुबार दिखाई देने लगा. आसपास के इलाके में भी हड़कंप मच गया. कुछ ही देर में प्रभावित कोच बुरी तरह जल गए.



घटना की जानकारी मिलते ही ट्रेन के गार्ड ने तुरंत लोको पायलट को अलर्ट किया. इसके बाद एहतियातन ट्रेन को तत्काल रोका गया. रेलवे प्रशासन ने दिल्ली-मुंबई रूट पर ट्रेनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी, जिससे कई ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर खड़ी करनी पड़ीं. उस समय बी-1 कोच में करीब 68 यात्री सवार थे.


आग लगने के बाद ट्रेन में मौजूद आरपीएफ कर्मियों और रेलवे स्टाफ ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तुरंत डिबोर्डिंग कराई गई. करीब 15 मिनट के भीतर पूरा कोच खाली करा लिया गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है.





















Be First to Comment