बिहार के बेगूसराय जिले में जदयू नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. वारदात छौड़ाही थाना क्षेत्र के पीरनगर वार्ड नंबर-10 में हुई, जहां 37 वर्षीय नीलेश कुमार पर हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी.

गोली उनकी छाती, गर्दन और आंख के पास लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. परिजनों के मुताबिक गोली की आवाज सुनते ही घर वाले दौड़े, लेकिन लगभग 9 बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए.


मृतक नीलेश कुमार जदयू के पंचायत अध्यक्ष रह चुके थे और हाल ही में विधानसभा चुनावों में काफी एक्टिव थे. परिवार ने बताया कि वह रोजाना की तरह रात में खाना खाकर मवेशी के बथान में सोने गए थे.


उसी दौरान आधी रात को छह से अधिक बदमाश पहुंचे और उन पर कई राउंड फायरिंग कर दी. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही मंझौल डीएसपी और छौड़ाही थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची.

पुलिस ने मौके से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है, जबकि एफएसएल टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया.



















Be First to Comment