मगध विश्वविद्यालय के 22वें दीक्षांत समारोह के सफल संचालन को लेकर एमयू में बैठक की गयी और इसकी अध्यक्षता कुलपति प्रो एसपी शाही ने की. बैठक में सभी संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, कुलसचिव व अन्य पदाधिकारियों के साथ ही अंगीभूत कॉलेजों के प्रधानाचार्यों और दीक्षांत समारोह आयोजन समिति के सभी सदस्यों की उपस्थिति रही.

मगध विश्वविद्यालय में विगत 10 वर्षों के बाद 25 नवंबर को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जा रहा है, इसमें मुख्य अतिथि के रूप में बिहार के राज्यपाल सह कुलाधिपति आरिफ मोहम्मद खां शामिल होंगे. बैठक की शुरुआत में मगध विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ पार्थ प्रतिम दास ने सभी का स्वागत किया व विभिन्न आयोजन समितियों के क्रिया-कलापों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया. कुलपति ने सभी सदस्यों से कहा कि मगध विश्वविद्यालय की गरिमा को पुनर्स्थापित करने के लिए दीक्षांत समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय परिसर में किया जायेगा.

दीक्षांत समारोह के बाद शाम में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन कराने का भी निर्णय लिया गया. साथ ही दीक्षांत समारोह के अवसर पर एक स्मारिका तथा कॉफी टेबलबुक का विमोचन किये जाने का भी निर्णय किया गया. कुलपति ने मगध विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों से इस दीक्षांत समारोह को अविस्मरणीय बनाने की अपील की और इसके सफलतापूर्वक आयोजन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी. बैठक के अंत में सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव प्रो बी के मंगलम द्वारा किया गया.





















Be First to Comment