रून्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के देवनाबुजुर्ग पंचायत अंतर्गत ठाहर गांव के समीप रून्नीसैदपुर-औराई पथ पर अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक पर सवार एक युवक की मौत दुर्घटनास्थल पर ही हो गयी. जबकि दूसरे ने इलाज के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया.

मृतक की पहचान महिंदवारा थाना क्षेत्र के सिरखिरिया पंचायत अंतर्गत नेउरी गांव निवासी कैलाश पासवान के करीब 21 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार एवं रून्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के मधौलशानी पंचायत के वार्ड नंबर 15 निवासी अशोक पासवान के करीब 18 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार के रूप में की गयी है.



इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रून्नीसैदपुर-औराई मुख्य पथ को जाम कर घंटों यातायात अवरुद्ध कर दिया. सूचना मिलने पर बीडीओ सुनील कुमार, थानाध्यक्ष रामनाथ प्रसाद, जिला पार्षद रूबी कुमारी के प्रतिनिधि ओम भारती मौके पर पहुंचे, जहां काफी मशक्कत के बाद मृतक के आक्रोशित परिजनों को समझा बुझाकर सड़क जाम खाली कराया गया.



मिली जानकारी के अनुसार, विशाल अपने फुफेरी बहन के पुत्र शिवम कुमार के साथ अपने भाई के ससुराल मुजफ्फरपुर जिला के औराई थाना क्षेत्र के बसुआ गांव जा रहा था. अचानक अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से मौके पर उसकी मौत हो गयी, जबकि शिवम गंभीर रूप से जख्मी हो गया.




स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से परिजनों ने आनन फानन में शिवम को रून्नीसैदपुर सीएचसी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया, जहां ले जाने के क्रम में रास्ते में उनकी मौत हो गयी.





















Be First to Comment