भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रक्सौल बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियों ने शनिवार देर शाम एक संदिग्ध विदेशी नागरिक को पकड़ा है. पकड़ा गया व्यक्ति इराक का निवासी है और नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था.

जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 47 वर्षीय फौजी हामिद अल बयाती के रूप में हुई है. वह इराक की राजधानी बगदाद के अल-दोरा इलाके का रहने वाला है. शुरुआती जांच में पता चला है कि हामिद पहले भी दो बार भारत आ चुका है, लेकिन इस बार वह बिना वैध वीजा के सीमा पार करने की कोशिश कर रहा था.



यह कार्रवाई उस समय हुई जब हरेया थाना क्षेत्र में पुलिस रूटीन चेकिंग कर रही थी. उसी दौरान हामिद संदिग्ध हालात में पकड़ा गया. जब उससे दस्तावेजों की मांग की गई, तो उसके पास भारत में प्रवेश के लिए जरूरी वीजा नहीं पाया गया. इसके बाद उसे हिरासत में लेकर सुरक्षा एजेंसियों को सौंप दिया गया.



हरेया थाने के प्रभारी कृष्ण पासवान ने मीडिया को बताया कि इस व्यक्ति से गहन पूछताछ की जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां उसके भारत आने के मकसद की जांच में जुटी हैं. शुरुआती पूछताछ में यह भी सामने आया है कि हामिद एक मैकेनिकल इंजीनियर है और भारत पहले भी वैध तरीके से आ चुका है.























Be First to Comment