मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र के दियारा इलाके के एक गांव में शुक्रवार की शाम प्रेम प्रसंग का एक अनोखा मामला सामने आया है. यहां अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचे एक युवक को लड़की के परिजनों ने रंगे हाथों पकड़कर बंधक बना लिया.

इस घटना के बाद दोनों गांवों और पक्षों के बीच काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा. अंत में सामाजिक स्तर पर हुई पंचायती और सर्वसम्मति के बाद दोनों प्रेमी-युगल को विवाह के पवित्र बंधन में बांध दिया गया.


पारू थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले 20 वर्षीय युवक का दियारा क्षेत्र की एक 19 वर्षीय युवती के साथ पिछले कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. प्यार का बुखार इस कदर परवान चढ़ा कि शुक्रवार की शाम युवक अपनी प्रेमिका से मिलने सीधे उसके घर पहुंच गया.



दोनों को एक साथ देखकर ग्रामीणों ने लड़की के परिवार वालों को इसकी भनक दे दी. इसके बाद लड़की के परिजनों ने आनन-फानन में युवक को पकड़कर बंधक बना लिया और उसके घर वालों को इसकी सूचना दी.


शुरुआत में लड़की पक्ष के लोग कानूनी कार्रवाई की जिद पर अड़े थे, लेकिन दोनों पंचायतों के प्रतिनिधियों के समझाने के बाद दोनों पक्ष शादी के लिए राजी हो गए. स्थानीय मंदिर में दोनों की शादी करा दी गई. मामले की भनक लगते ही जब पारू पुलिस युवक के घर पूछताछ करने पहुंची, तो नवविवाहिता ने स्पष्ट कह दिया कि वह अपने मायके वालों के डर से स्वेच्छा से ससुराल आई है और अब यहीं रहेगी.




























Be First to Comment