किशनगंज और आसपास के रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) ने यात्रियों की बढ़ती संख्या और भीड़ को देखते हुए कई स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है. इन ट्रेनों के चलने से न केवल सीट मिलने में आसानी होगी, बल्कि यात्रियों का सफर भी पहले से ज्यादा आरामदायक हो जाएगा.

ट्रेन नंबर- 05754/05753 न्यू जलपाईगुड़ी-मालदा टाउन स्पेशल ट्रेन 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार, रविवार और सोमवार को चलेगी. यह ट्रेन किशनगंज, आलुआबाड़ी रोड, डालखोला और बारसोई समेत कई स्टेशनों पर रुकेगी. इसमें कुल 22 कोच होंगे.

कानपुर और अमृतसर के लिए भी खास इंतजाम
लंबी दूरी के यात्रियों के लिए कानपुर सेंट्रल-गुवाहाटी स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है. यह ट्रेन वाराणसी, बरौनी और कटिहार के रास्ते गुवाहाटी पहुंचेगी. अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलने वाली ट्रेन के फेरों को बढ़ा दिया गया है. अब यह ट्रेन 29 अप्रैल तक अतिरिक्त चक्कर लगाएगी. इससे पंजाब और बिहार-बंगाल के बीच आवाजाही करने वालों को सहूलियत होगी.



दक्षिण भारत जाने वालों के लिए सिकंदराबाद-नाहरलगुन साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 10 अप्रैल से 25 मई तक चलेगी. इसके अलावा गुवाहाटी-जलपाईगुड़ी रोड के बीच और न्यू जलपाईगुड़ी-बालुरघाट के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनें भी अप्रैल महीने में चलेगी.



पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से रेल नेटवर्क पर दबाव कम होगा और यात्रियों को बिना किसी परेशानी के कंफर्म टिकट मिल सकेगी. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे टाइम-टेबल और कोच पोजीशन की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप के माध्यम से प्राप्त कर लें.


























Be First to Comment