बिक्रमगंज-डुमरांव मुख्य सड़क पर मलियाबाग स्थित प्रकाश मैरेज हॉल में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है. गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस छापेमारी में करीब 82 युवक-युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया है.

पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह के नेतृत्व में करीब चार घंटे तक चली इस सघन तलाशी में तीन मंजिला मैरेज हॉल के विभिन्न कमरों से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री मिली है.

पुलिस ने मौके से दो कार, 32 बाइक और एक इ-रिक्शा भी जब्त किया है, जिन्हें थाना लाया गया है.
एसडीपीओ ने बताया कि पकड़े गये 40 युवकों और 42 युवतियों में कई शादीशुदा लोग भी शामिल हैं.



पुलिस के पहुंचते ही मैरेज हॉल का संचालक संतोष कुमार उर्फ शेरू सिंह (निवासी कवई, मलियाबाग) अपने सहयोगियों के साथ फरार होने में सफल रहा. पुलिस ने उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मैरेज हॉल को सील कर दिया है.



छापेमारी में एसडीएम प्रभात कुमार, दावथ सीओ विकास कुमार पंडित, पुलिस निरीक्षक शेर सिंह यादव, थानाध्यक्ष मनीष कुमार पंजीयरा और सूर्यपुरा थाना की एसआई अनामिका सुधा सहित बड़ी संख्या में महिला पुलिस और जवान शामिल थे. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गये सभी लोगों से आवश्यक पूछताछ की जा रही है, जिसके बाद आगे की विधि-सम्मत कानूनी कार्रवाई की जायेगी.




















Be First to Comment