रोहतास जिले के बिक्रमगंज शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए अनुमंडल प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं.

अनुमंडलाधिकारी प्रभात कुमार के निर्देश पर सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर नो एंट्री लागू की गई है, ताकि बाजार, स्कूल और मुख्य चौक-चौराहों पर यातायात सुचारू रहे.


इसके बावजूद शहर के तेंदुनी चौक सहित कई इलाकों में ट्रक, हाइवा और बालू लदे वाहनों की आवाजाही धड़ल्ले से जारी है. इससे प्रशासन की पूरी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.



स्थानीय लोगों का कहना है कि तेंदुनी चौक पर ट्रैफिक पुलिस और थाने की गश्ती गाड़ियां मौजूद रहती हैं, लेकिन इसके बावजूद नो एंट्री के दौरान भारी वाहन बेखौफ होकर शहर के अंदर प्रवेश कर रहे हैं.


लोगों का आरोप है कि जब नियम लागू कराने वाली पुलिस ही व्यवस्था का पालन नहीं करा पा रही है, तो प्रशासन की सख्ती का असर जमीन पर कैसे दिखेगा. स्थानीय नागरिकों ने यह भी बताया कि चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरे इस पूरी स्थिति की गवाही दे सकते हैं, लेकिन अब तक किसी तरह की ठोस कार्रवाई नहीं की गई है.













Be First to Comment