राजधानी दिल्ली के स्कूलों को लगातार बम धमकी वाले ई-मेल मिलने के बीच अभिभावकों ने कहा कि बार-बार मिल रहीं ऐसी धमकियां बच्चों और उनके परिवारों में चिंता पैदा कर रही हैं और स्कूलों की रोजमर्रा की गतिविधियों को बाधित कर रही हैं।

लोधी रोड स्थित एयर फोर्स बाल भारती स्कूल के एक छात्र के पिता ने कहा कि इस तरह की घटनाएं अब अक्सर होने लगी हैं और यह परिवारों के लिए बेहद परेशान करने वाली हैं। उन्होंने कहा, “यह इतना आम हो गया है कि लगभग हर महीने स्कूल से फोन आ जाता है और हम तुरंत घबरा जाते हैं।



इसका असर हमारे बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ता है और अभिभावकों को भी काम बीच में छोड़कर स्कूल आना पड़ता है।” इसी तरह की चिंता व्यक्त करते हुए, एयर फोर्स स्कूल में पढ़ने वाले दो बच्चों की मां श्वेता ने कहा कि बार-बार स्कूल खाली कराए जाने के कारण बच्चे परेशान हैं।



उन्होंने कहा, “हमारे बच्चे खुद को बेबस महसूस करते हैं। वे सुबह आठ बजे से दोपहर तक बिना पानी पिए या खाना खाए मैदान में बैठे रहे। हमें एक दिन पहले भी इसी तरह का फोन आया था। हमेशा डर बना रहता है-आज फोन आया है, कल कुछ अनहोनी न हो जाए।”





















Be First to Comment