दरभंगा. लोक आस्था के महापर्व छठ के अब चंद दिन शेष रह गये हैं. इसे लेकर तैयारी में निगम प्रशासन जुट गया है. श्रद्धालुओं को स्वच्छ घाट उपलब्ध कराने के साथ पहुंच पथ को दुरुस्त करने तथा पर्याप्त रोशनी की उपलब्धता व महिला श्रद्धालुओं के लिए घाटों पर कपड़ा बदलने के लिए चेजिंग रूम के निर्माण में काम शुरू कर दिया है.

खतरनाक घाटों की बैरिकेडिंग, कंट्रोल रूम, गोताखोरों, एंबुलेंस आदि के लिए तैयारी चल रही है. छठ पर्व से एक दिन पूर्व घाट को चकाचक करने का आदेश नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता ने दिया है.



साफ घाटों पर लोग गंदगी न फैलाएं, इसे लेकर बैनर लगाने के लिये कहा है. कुल मिलाकर स्वच्छ व सुरक्षित माहौल देने का निगम प्रशासन तैयारी कर रहा है. इसे लेकर जमादार, जोन प्रभारियों व अभियंताओं को निर्देश दिये गये हैं.



पर्यवेक्षण के लिए जोनवार सहायक अभियंताओं को तैनात किया है. कार्यों का प्रभार सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी को दिया है. दोनों उपनगर आयुक्त व नगर प्रबंधक को सभी कार्यों का वरीय पर्यवेक्षक का भार दिया है. कार्यों का नित्य प्रगति प्रतिवेदन नगर आयुक्त को उपलब्ध करायेंगे.





































Be First to Comment