दरभंगा. हथियार से लैस बेखौफ अपराधियों ने एयरपोर्ट के निकट स्थित एक गैस गोदाम में लूट की बड़ी घटना को अंजाम दिया. पिस्टल के दम पर अपराधियों ने गोदाम के कैशियर से लगभग साढ़े चार लाख रुपये लूट लिये. घटना की सूचना मिलते ही मब्बी सहित कई थाना की पुलिस वहां पहुंच गयी.

सदर एसडीपीओ वन राजीव कुमार ने भी पहुंचकर जांच की. घटना के संबंध में गोदाम के कैशियर कमलेश कुमार ने बताया कि पांच अक्तूबर की शाम वह गोदाम में वेंडरों से कलेक्शन में मिले रुपये काे मिला रहे थे. इसी दौरान 5.20 बजे छह बदमाश गोदाम के अंदर आ गये. एक ने कान के पास पिस्टल सटा दिया. दो अन्य बदमाशों ने पिस्टल निकालकर मौजूद लोगों को शांत नहीं रहने पर जान से मारने की चेतावनी दी.



कलेक्शन का लगभग साढ़े चार लाख रुपया एक बैग में रखकर पिस्टल लहराते हुए सभी बदमाश निकल गये. जाते-जाते कैशियर व उसके सहयोगी का मोबाइल भी ले गया. सहयोगी का मोबाइल छाेटा था, सो बदमाशों ने गेट के बाहर ही उसे फेक दिया. कैशियर के अनुसार सभी छह बदमाश दो बाइक से आये थे और घटना को अंजाम देकर बाइक से ही निकल गये. कैशियर ने घटना की सूचना एजेंसी के मालिक एवं पुलिस को दी.



पुलिस ने बताया कि गोदाम में लगा सीसीटीवी काम नहीं कर रहा है. एजेंसी मालिक का कहना है कि कैमरा वाले ने सीसीटीवी लगा दिया, लेकिन डिस्पले नहीं लगाया है. इस कारण सीसीटीवी काम नहीं कर रहा. उनके अनुसार गोदाम से कुछ दिन पूर्व सिलेंडर की चोरी हुई थी. इसके बाद कैमरा लगाया गया था.






















Be First to Comment