राज्य में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है. जमालपुर-भागलपुर रेलखंड भी इससे प्रभावित हुआ है. इसलिए रेलवे ने गंगा के तेज बहाव वाले इलाकों में ट्रेनों की गति कम कर दी है. घोरघट, बरियारपुर लोहा पुल और ऋषिकुंड हॉल्ट के पास गंगा का पानी पुल और रास्तों को छूते हुए तेजी से बह रहा है.

इन स्थानों पर ट्रेनों को 30 किलोमीटर प्रति घंटे की धीमी गति से चलाने का आदेश दिया गया है. पुल-पुलिया पर गंगा के जलस्तर पर नजर रखने के लिए रेलकर्मी दिन-रात काम कर रहे हैं. ताकि कोई भी इमरजेंसी होने पर तुरंत उससे निपटा जा सके. वहीं मालदा रेल मंडल के डिविजनल इंजीनियर राजेश कुमार ने बताया कि रेलवे ने कौशन लेटर जारी करके ट्रेनों को सावधानी से चलाने के निर्देश दिए हैं.



भागलपुर रेलमार्ग पर ट्रेन सेवा हो सकती है बाधित
बरियारपुर स्टेशन के पास लोहा पुल (ब्रिज नंबर 195), ऋषिकुंड हॉल्ट के पास पुलिया नंबर 198 और 198A के पास पानी का बहाव बहुत तेज हो गया है. इन जगहों पर ट्रेनों की रफ्तार कम कर दी गई है.



बरियारपुर लोहा पुल के जल मापक मीटर में गंगा का पानी खतरे के निशान के करीब पहुंच चुका है. अब सिर्फ 10cm और बढ़ना बाकी है. अगर जलस्तर और 10 सेंटीमीटर बढ़ गया तो पानी गाडर (रेल की पटरी) को छू सकता है. इस स्थिति में जमालपुर-भागलपुर रेलमार्ग पर ट्रेनों का संचालन बंद करना पड़ सकता है.


















































Be First to Comment