बिहार के मुजफ्फरपुर के जैतपुर थाना क्षेत्र के पोखरैरा गांव में सोमवार दोपहर सड़क पर गाड़ियों को साइड देने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. नरसिंह स्थान मंदिर के पास दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट और फायरिंग तक हो गई.

गोली चलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए छह लोगों को हिरासत में ले लिया. ग्रामीण एसपी विद्या सागर ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर विवाद बढ़ते ही मारपीट और दो राउंड गोलीबारी हुई.



पुलिस ने घटनास्थल से 21 कारतूस बरामद किए हैं जो एक माला की तरह आपस में जुड़े थे. इससे आशंका है कि फायरिंग किसी लाइसेंसी हथियार से की गई है.



पुलिस हिरासत में लिए गए छह लोगों से पूछताछ कर रही है. SP के अनुसार, जांच के बाद इस मामले में FIR दर्ज की जाएगी. पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि गोली किसने चलाई और उसका हथियार किसके नाम से पंजीकृत है.


घटना के बाद इलाके में पुलिस ने अतिरिक्त गश्त शुरू कर दी है. अधिकारी खुद स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी तरह की अफवाह या दोबारा हिंसा की आशंका को रोका जा सके. पुलिस ने कहा है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.

















Be First to Comment