Press "Enter" to skip to content

भरत तिवारी मामले से जुड़े दो भाइयों के घर रेड, वन विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप

बिहार के भोजपुर जिले में वन विभाग की एक कार्रवाई ने नई चर्चा छेड़ दी है। शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में वन विभाग की टीम ने छापेमारी कर एक जीवित हिरण बरामद करने का दावा किया है। यह कार्रवाई गांव निवासी सरोज त्रिपाठी और पंकज त्रिपाठी के घर पर की गई। दोनों भाई हाल के महीनों में चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर लगातार आवाज उठाते रहे हैं।

वन विभाग की टीम ने शनिवार को बिलौटी गांव पहुंचकर छापेमारी की। विभाग के अनुसार, तलाशी के दौरान सरोज त्रिपाठी के घर से एक जीवित हिरण मिला, जिसे तत्काल अपने कब्जे में ले लिया गया। बरामद वन्यजीव को सुरक्षित स्थान पर भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी के बाद वन विभाग के अधिकारी हिरण को लेकर शाहपुर थाना पहुंचे, जहां जब्ती की औपचारिक प्रक्रिया और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की गई। विभागीय अधिकारियों ने फिलहाल बरामदगी की पुष्टि की है, लेकिन मामले से जुड़े अन्य पहलुओं पर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

सूत्रों के अनुसार, वन विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है कि हिरण वहां कैसे पहुंचा और उसे कितने समय से रखा गया था। यदि जांच में वन्यजीव संरक्षण कानून के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।बिलौटी गांव वही गांव है, जहां के रहने वाले भरत तिवारी के कथित एनकाउंटर ने पूरे बिहार में राजनीतिक और सामाजिक बहस को जन्म दिया था। 17 जून को हुई इस घटना के बाद सरोज त्रिपाठी और पंकज त्रिपाठी उन स्थानीय लोगों में शामिल रहे, जिन्होंने लगातार निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग उठाई।

मामले के बढ़ते विवाद को देखते हुए बिहार सरकार ने उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में न्यायिक जांच आयोग का गठन किया था। जांच आयोग पहले ही बिलौटी गांव पहुंचकर भरत तिवारी के परिजनों, ग्रामीणों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर चुका है।

वन विभाग की कार्रवाई के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, अब तक किसी भी सरकारी एजेंसी ने इस छापेमारी को भरत तिवारी एनकाउंटर मामले या उसकी न्यायिक जांच से जोड़कर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। वन विभाग का कहना है कि कार्रवाई केवल वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत प्राप्त सूचना के आधार पर की गई है। विभाग फिलहाल बरामद हिरण और उससे जुड़े तथ्यों की जांच में जुटा है।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from NewsMore posts in News »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *