पटना के एग्जीबिशन रोड स्थित एक होटल के कमरे में शनिवार सुबह एक युवक की लाश मिलने से हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान बेतिया के कालीबाग निवासी शारिक तारीक के रूप में हुई, जो पटना में रहकर ब्लिंकिट कंपनी में काम करता था.

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को शारिक के दो दोस्त मोहम्मद यूसुफ और मोहम्मद अकबर बेतिया से मिलने आए थे. शारिक ने उन्हें एग्जीबिशन रोड स्थित डे पिंटू होटल में ठहराया और खुद भी रात में वहीं रुक गया. देर रात तीनों कमरे नंबर 206 में मौजूद थे.



होटल मालिक के अनुसार, शारिक देर रात बारिश में भीगकर लौटा था. सुबह उसके दोस्तों ने रिसेप्शन पर सूचना दी कि शारिक की तबीयत खराब है. थोड़ी देर बाद उन्होंने बताया कि उसकी मौत हो चुकी है. घटना से होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई.



सेंट्रल एसपी दीक्षा ने बताया कि मृतक के पिता की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली गई है. पूछताछ के दौरान दोनों दोस्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने रात में नशा किया था. फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह स्पष्ट होगी.



















Be First to Comment