महानगरों में ई-चालान फर्जीवाडे़ के बढ़ रहे मामले को देखते हुए आर्थिक अपराध इकाई (इओयू) पटना ने आम जनता के लिए एक महत्वपूर्ण अलर्ट जारी किया है. इओयू ने लोगों से ऐसे स्कैम से सतर्क रहने की अपील की है, जहां जालसाज नकली ई-चालान का लिंक भेजकर खाते में सेंधमारी कर रहे हैं.

अगर गलती से आप फ्रॉड के भेजे लिंक पर क्लिक करते हैं तो आपका खाता खाली हो जाएगा. इओयू के अनुसार, ये जालसाज विभिन्न तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं. इनमें से सबसे आम तरीका फर्जी एसएमएस लिंक और व्हाट्सएप मैसेज भेजना है.



इन मैसेज में दावा किया जाता है कि वाहन मालिक का ई-चालान लंबित है और उसे तुरंत भुगतान करने के लिए एक लिंक पर क्लिक करने के लिए कहा जाता है. जैसे ही कोई व्यक्ति इस लिंक पर क्लिक करता है, उसे एक नकली वेबसाइट पर भेज दिया जाता है जो बिल्कुल आधिकारिक सरकारी वेबसाइट जैसी दिखती है.



यहां, उनसे उनकी बैंक डिटेल्स, यूपीआइ पिन या क्रेडिट/डेबिट कार्ड की जानकारी मांगी जाती है, जिसका उपयोग करके जालसाज उनके खाते से पैसे निकाल लेते हैं. आर्थिक अपराध इकाई ने स्पष्ट किया है कि यातायात पुलिस या परिवहन विभाग कभी भी एसएमएस या व्हाट्सएप के माध्यम से सीधे भुगतान लिंक नहीं भेजते हैं. भुगतान केवल Parivahan.gov.in जैसी आधिकारिक सरकारी वेबसाइटों के माध्यम से ही किया जाना चाहिए.





















Be First to Comment