खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र में एसटीएफ और कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई. इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश मु. बुद्दीन घायल हो गया. उसके पैर में गोली लगी है. घायल अपराधी का इलाज सदर अस्पताल खगड़िया में चल रहा है.

गुप्त सूचना पर एसटीएफ की टीम ने बेलदौर थाना क्षेत्र के दिघौन पंचायत स्थित सुखायबासा गांव में छापेमारी की. पुलिस टीम को देखते ही बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश घायल हो गया. बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान करीब दस राउंड गोलियां चलीं.


पुलिस ने मौके से एक राइफल, दो देसी कट्टा और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किये हैं. मु. बुद्दीन पर बेलदौर, पसराहा समेत कई थानों में हत्या, लूट और अन्य गंभीर मामलों के एक दर्जन से अधिक केस दर्ज हैं. एसटीएफ की टीम पहले भी कई बार उसे पकड़ने की कोशिश कर चुकी थी, लेकिन हर बार वह फरार हो जाता था.



घटना की सूचना मिलते ही एसपी, सदर एसडीपीओ, गोगरी एसडीपीओ, कई इंस्पेक्टर और एसएफएल टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गयी. पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. हालांकि, मामले की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गयी है.


इधर, अलौली थाना पुलिस ने भी गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए वर्षों से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक की पहचान शहरबन्नी निवासी उदय चौधरी के पुत्र बमबम कुमार के रूप में हुई है. थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि आरोपी एससी-एसटी एक्ट से जुड़े मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था. पुलिस ने उसे कांड संख्या 366/24 में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.



















Be First to Comment