भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला नेताओं ने निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की कथित विवादित टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की और विपक्षी दलों से इस मुद्दे पर स्पष्ट रुख अपनाने को कहा।

कांग्रेस समर्थक और पूर्णिया से लोकसभा सदस्य पप्पू यादव ने हाल में आरोप लगाया था कि राजनीतिक जीवन में महिलाएं ”पुरुषों के बेडरूम के रास्ते” आगे बढ़ती हैं।


राज्य की पूर्व खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा, ”हम पप्पू यादव की अपमानजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हैं। यह केवल किसी व्यक्ति की सोच नहीं दर्शाती, बल्कि उनके संस्कार और महिलाओं के प्रति उनकी मानसिकता को भी उजागर करती है।” उन्होंने सांसद से देश की सभी महिलाओं से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की।



श्रेयसी सिंह ने कांग्रेस को यादव का ”संरक्षक” बताते हुए कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा को स्पष्ट करना चाहिए कि वे उनकी भाषा का समर्थन करते हैं या विरोध। उन्होंने कहा कि जब पप्पू यादव की पत्नी राज्यसभा और लोकसभा दोनों की सदस्य रह चुकी हैं, तब वह ऐसी टिप्पणी कैसे कर सकते हैं।


श्रेयसी सिंह ने कहा, “राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हर कार्यकर्ता ऐसे लोगों को चुनावी मैदान में और सामान्य जनजीवन में करारा जवाब देने को तैयार है।” संवाददाता सम्मेलन में मौजूद भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने कहा कि ऐसे नेता महिलाओं को घेरने और डराने की कोशिश कर रहे हैं।
















Be First to Comment