डालमियानगर पुलिस की तत्परता और स्थानीय लोगों के कड़े विरोध के कारण सब्जी बाजार स्थित हनुमान मंदिर से चोरी हुई दान पेटी मंदिर के पीछे नाली के पास बरामद की गयी. चोरों ने दान पेटी की कुंडी तोड़कर उसे पूरी तरह खाली कर दिया था.

चोरों ने पेटी में रखे भगवान के वस्त्रों को नाली के गंदे पानी में फेंक दिया था. इससे श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया. घटना की सूचना मिलते ही मंदिर के पुजारी विनय बाबा घटनास्थल पर पहुंचे और डालमियानगर थाना को सूचित किया.

पुलिस की उपस्थिति में दान पेटी को नाली से बाहर निकाला गया. इसके बाद मंदिर परिसर में पेटी को स्वच्छ जल से धोकर और गंगाजल छिड़ककर मंत्रोच्चारण के साथ पवित्र किया गया.



मंदिर के पुजारी विनय बाबा ने बताया कि दान पेटी दो वर्ष में एक बार शारदीय नवरात्रि में विकास कार्यों के लिए खोली जाती है. पिछले नवरात्रि में पेटी नहीं खोली गयी थी, जिससे अनुमान है कि इसमें एक लाख रुपये से अधिक की राशि मौजूद थी. इसके अतिरिक्त पेटी के दूसरे खाने में रखे लगभग 10 किलोग्राम वजन के पीतल व फूल के भारी बर्तन और पूजन सामग्री भी गायब है.



स्थानीय नागरिक प्रेम पांडे, सुधीर कुमार, बबलू सिंह, वीरेंद्र सिंह, सुशील सिंह और रामप्रवेश तिवारी ने घटना की घोर निंदा की. स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है और पुलिस की निष्क्रियता के कारण अब धार्मिक स्थल भी सुरक्षित नहीं हैं.




















Be First to Comment