राज्य में सिपाही भर्ती परीक्षा के दूसरे चरण में राज्यभर के कुल 38 जिलों में बनाये गये 627 परीक्षा केंद्रों पर एकल पाली में परीक्षा हुई. 20 जुलाई को हुई इस परीक्षा के दौरान कदाचार के कुल 7 मामले सामने आये.

जानकारी के अनुसार इस दौरान 17 अभ्यर्थी संलिप्त पाये गये हैं. इनमें से 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. जबकि 6 पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. वहीं, 4 को परीक्षा से निष्कासित किया गया है. इन सभी के खिलाफ संबंधित थानों में एफआइआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है.



प्राप्त जानकारी के मुताबिक परीक्षा के लिए कुल 2 लाख 79 हजार 95 अभ्यर्थियों को इ-प्रवेश पत्र जारी किया गया था. इसमें से 2 लाख 51 हजार 569 ने प्रवेश पत्र डाउनलोड किया था. वहीं, परीक्षा के दौरान उपस्थिति करीब 80 प्रतिशत रही.



परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था को लेकर पुख्ता प्रबंध किये गये थे. परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों का बॉयोमेट्रिक सत्यापन हुआ था. इस दौरान सीसीटीवी कैमरे से निगरानी, वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी और लाइव स्ट्रीमिंग भी की गई थी. इसका नियंत्रण कक्ष पटना मुख्यालय में बनाया गया था.


परीक्षा के दौरान नालंदा में एक प्राथमिकी दर्ज कर तीन अभियुक्त चिह्नित किये गये. इसमें से दो को गिरफ्तार किया गया है. वहीं, बक्सर में एक प्राथमिकी में दो अभियुक्त मिले हैं और इनमें से एक की गिरफ्तारी हुई है.


इसके अलावा पश्चिम चंपारण में एक अभियुक्त के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है. जबकि, सीवान में 2 प्राथमिकी दर्ज कर पांच अभियुक्त चिह्नित हुए हैं. इनमें से दो गिरफ्तार किए गए हैं.






















Be First to Comment