पटना में मंगलवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद बुधवार सुबह हालात बेकाबू हो गए. फतुहा थाना क्षेत्र में ट्रक की चपेट में आकर वेयरहाउस सुपरवाइजर केशरी कुमार उर्फ मंटू की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पटना-बख्तियारपुर नेशनल हाईवे (NH-30) को शव रखकर पूरी तरह जाम कर दिया.

सड़क पर आगजनी और प्रदर्शन के चलते करीब 6 किलोमीटर लंबा जाम लग गया. प्रदर्शन कर रहे परिजन और स्थानीय ग्रामीण मृतक के परिवार को 30 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़े हैं. मौके पर पहुंची पुलिस टीम आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है, लेकिन सुबह 6:30 बजे से अब तक जाम खत्म नहीं हो सका है.



मृतक की पहचान फतुहा के दौलतपुर राणा टोला निवासी शिव कुमार सिंह के पुत्र केशरी कुमार के रूप में हुई है. वह छपाक वाटर पार्क के पास स्थित एक वेयरहाउस में सुपरवाइजर था.



मंगलवार रात एक हरियाणा नंबर के ट्रक से जब उसने गेट पास मांगा, तो ट्रक चालक ने न केवल पास देने से इनकार किया, बल्कि केशरी को रौंदते हुए मौके से फरार हो गया. हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने एक अन्य ट्रक में आग लगा दी, जिसे समय रहते बुझा लिया गया. पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है.


























Be First to Comment